डाक बैग चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 156 आर्टिकल बरामद
थाना राया पुलिस ने सरकारी डाक प्रपत्र चोरी करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी गये सात टीबी बैग (डाक प्रपत्र रखे जाने वाला) और घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक बरामद कर चालान किया गया है।
प्रभारी निरीक्षक रवि भूषण शर्मा ने बताया कि सोमवार सुबह उप निरीक्षक रवीन्द्र बाबू पुलिस टीम के साथ वांछितों की तलाश में क्षेत्र में भ्रमण पर थे। तभी सुबह करीब सवा 11 बजे बरेली-मथुरा हाईवे के नीचे बलदेव रोड से सादाबाद की ओर जाने वाले सर्विस रोड पर पुलिया के समीप से डाकघर का डाक पैकेट समेत बैग चोरी करने के आरोप में प्रकाश में आये आरोपी भूपेन्द्र सिंह और रामू कुमार निवासीगण झगरारा, सादाबाद, हाथरस को गिरफ्तार किया गया।
इनके कब्जे से सात टीवी बैग डाक (कुल 156 आर्टिकल) और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद कर चालान किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक राया ने बताया कि 19 नवंबर को थाना राया के सामने रोड के सामने रेलवे लाइन की बाउंड्री पर रखे सात टीबी बैग में रखी डाक सामग्री चोरी हो गयी थी। इसमें एकाउंट बैग, डेली एकाउंट वाउचर सहित, स्पीड पोस्ट बैग, एनएसएच 46 बुकिंग प्रपत्र, पार्सल बैग, स्पीड पोस्ट बैग, मैनुअल पत्र बैग आदि शामिल थे। पुलिस ने सभी सामग्री बरामद कर चालान किया।
