कफ सीरप घोटाले पर अखिलेश यादव का बड़ा हमला, बोले- ‘आज बुलडोजर कहां है?’
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को भाजपा पर कफ सीरप घोटाले में शामिल होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वाराणसी और कई प्रदेशों में बड़ा कोडीन युक्त सीरप का स्कैंडल हो गया है, जो दो सौ करोड़ रुपये से भी अधिक का मामला हो सकता है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि इस काले कारोबार में पुलिस-प्रशासन और भाजपा के लोग शामिल हैं।
उन्होंने बुलडोजर कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा, ‘आज बुलडोजर कहां है?’ उन्होंने कहा कि काले कारोबार में न्याय के लिए इसे चलते नहीं देखा गया। बुलडोजर चला है, सबसे ज्यादा पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक (पीडीए) पर। सपा प्रमुख ने आरोपित शुभम जायसवाल द्वारा जारी किए गए वीडियो को भी एक्स पर पोस्ट कर बुलडोजर कार्रवाई न होने का प्रश्न उठाया।
अखिलेश ने घुसपैठियों को लेकर कहा कि लखनऊ में घुसपैठिया नहीं हैं। उन्होंने कहा कि लखनऊ के सांसद ही रक्षामंत्री है। अगर घुसपैठिए यहां बस गए तो प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, रक्षामंत्री क्या कर रहे थे। उन्होंने एसआइआर को एनआरसी का संक्षिप्त नाम बताते हुए कहा कि भाजपा वाले संविधान को मानने वाले लोग नहीं है।
उन्होंने डॉ. बीआर आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर कार्यक्रम की अनुमति निरस्त होने को अलोकतांत्रिक बताया। उन्होंने कहा कि इससे साबित हो गया है कि भाजपा, बाबा साहेब से नफरत करती है और संविधान तथा आरक्षण को समाप्त करना चाहती है। उन्होंने आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा कि वह समाज में ऊंच-नीच का भेदभाव बना रहे, ऐसा चाहती है।
