यूपी पुलिस को मिली हाई-टेक स्कॉर्पियो, अपराध पर नियंत्रण के लिए SP ने दिखाई हरी झंडी
लखनऊ मुख्यालय से जिले को यूपी 112 सेवा के लिए छह नई स्कॉर्पियो गाड़ियां उपलब्ध कराई गई हैं। ये सभी वाहन अत्याधुनिक उपकरणों और हाई-टेक कैमरों से लैस हैं, जो पुलिसिंग को और भी प्रभावी बनाएंगे। मंगलवार को एसपी अंकिता शर्मा ने इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर क्षेत्र में भ्रमण के लिए रवाना किया। इस दौरान उन्होंने इन वाहनों पर नियुक्त पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को उनके कर्तव्यों और दायित्वों के संबंध में विस्तार से ब्रीफ किया।
एसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि ये नए स्कॉर्पियो वाहन पूरी तरह से आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित हैं। इन हाई-टेक कैमरों से लैस वाहनों के माध्यम से जनपद में पुलिस पैट्रोलिंग और अधिक प्रभावी होगी। इससे अपराध एवं अपराधियों पर नियन्त्रण करने में काफी मदद मिलेगी। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि वे इन संसाधनों का उपयोग कर जनता को सुरक्षित महसूस कराएं।
इस मौके पर एएसपी सुशील कुमार ने कहा कि सभी तैनात पुलिसकर्मी वाहनों के माध्यम से क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग जारी रखें। उनका मुख्य उद्देश्य लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाना और किसी भी घटना की जानकारी मिलने पर तुरंत मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करना होना चाहिए। ये नए वाहन पुलिस की प्रतिक्रिया समय को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
