माफिया-पुलिस के गठजोड़ का खुलासा: iPhone से चलेगा कोयला सिंडिकेट?
झारखंड के कोयलांचल क्षेत्र में कोयला तस्करी और माफिया-पुलिस गठजोड़ को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगातार राज्य सरकार पर हमलावर है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने एक बार फिर हेमंत सोरेन सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि अब कोयला चोर नए तरीके अपनाकर फिर से सक्रिय हो गए हैं और कानून की निगरानी से बचने के लिए अपने संचार के तरीकों में बदलाव कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, मरांडी को हाल ही में धनबाद के बैंक मोड़ स्थित एक मोबाइल दुकान में बड़ी संख्या में iPhone की खेप पहुंचने की जानकारी मिली है। उनका मानना है कि यह सामान्य बिक्री नहीं, बल्कि अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले संचार के नए तरीके का संकेत है। मरांडी ने आरोप लगाया है कि तस्कर और उनसे जुड़े पुलिसकर्मी अब पारंपरिक संचार माध्यमों के बजाय FaceTime जैसी एन्क्रिप्टेड सेवाओं का उपयोग कर रहे हैं, ताकि उनके बीच होने वाली बातचीत को ट्रैक करना मुश्किल हो सके।
रांची में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मरांडी ने कहा, “प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हालिया कार्रवाई के बाद कोयला चोरी के अवैध कारोबार में कुछ हद तक कमी आई थी, लेकिन अब माफिया एक बार फिर सक्रिय हो रहे हैं। वे तकनीक का सहारा लेकर अपने काले कारनामों को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं। धनबाद में अचानक iPhone की बिक्री में हुई वृद्धि इसी ओर इशारा करती है।”
उन्होंने केंद्रीय जांच एजेंसियों से आग्रह किया है कि वे धनबाद में अचानक बढ़ी iPhone की बिक्री, खरीदारों की सूची और संभावित बेनामी उपयोगकर्ताओं पर कड़ी निगरानी रखें। मरांडी ने जोर देकर कहा कि तकनीक बदलने भर से अवैध गतिविधियों को छिपाया नहीं जा सकता। भाजपा राज्य की संपत्ति की लूट को रोकने के लिए ऐसे सिंडिकेट को उजागर करती रहेगी।
मरांडी ने राज्य सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि प्रशासनिक तंत्र की मिलीभगत के कारण ही कोयला चोरी का नेटवर्क वर्षों से फलता-फूलता रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती, तब तक कोयलांचल की संपत्ति सुरक्षित नहीं की जा सकती। इस आरोप से राज्य की राजनीतिक गलियारों में खलबली मच गई है।
धनबाद में 15 वर्षीय किशोर की निर्मम हत्या, पुलिस ने दो एंगल से शुरू की जांच
रेलवे ट्रैक पर फेंका कचरा तो होगी कड़ी कार्रवाई, OBHS एजेंसी पर गिरेगी गाज
बेलगड़िया टाउनशिप निवासियों को मालिकाना हक: JRDA का ऐतिहासिक फैसला
बीबीएमकेयू धनबाद: बीएड सेमेस्टर-4 परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि घोषित, 2 दिसंबर तक बिना लेट फीस आवेदन
धनबाद की लाइफलाइन गया पुल अंडरपास का चौड़ीकरण शुरू, जाम से मिलेगी मुक्ति
झरिया की आग पर कोयला सचिव चिंतित, खनन को बताया खतरनाक
