धनबाद में 15 वर्षीय किशोर की निर्मम हत्या, पुलिस ने दो एंगल से शुरू की जांच
धनबाद के धनसार थाना क्षेत्र स्थित ईस्ट बस्ताकोला में एक 15 वर्षीय किशोर की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। गुरुवार रात को किशोर नितीश कुमार का शव एक बिजली के खंभे के नीचे खून से लथपथ अवस्था में मिला। उसके सिर को पत्थर से कुचलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया था, जिससे प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला लग रहा है।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और धनबाद डीएसपी नौशाद आलम मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू की। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक नितीश के पिता हीरा साव, मां रिंकी देवी और नाना गोपाल साव भी मौके पर पहुंचे। अपने बेटे के शव को देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मां रिंकी देवी ने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस मामले की तह तक जाने के लिए कई पहलुओं पर जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में दो मुख्य संभावनाएं सामने आई हैं। पहली संभावना यह है कि लोहा चोरों के गिरोह के बीच किसी विवाद के चलते नितीश की हत्या की गई हो सकती है। दूसरी संभावना यह भी जताई जा रही है कि बिजली चोरी के मकसद से पोल पर चढ़ने के दौरान वह गिर गया हो और इस दौरान उसके सिर पर गंभीर चोट लगने से मौत हो गई हो। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
इस घटना के बाद से इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास के इलाकों में छानबीन कर संभावित सुराग जुटाने का प्रयास जारी रखा है। पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा कर अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।
माफिया-पुलिस के गठजोड़ का खुलासा: iPhone से चलेगा कोयला सिंडिकेट?
रेलवे ट्रैक पर फेंका कचरा तो होगी कड़ी कार्रवाई, OBHS एजेंसी पर गिरेगी गाज
बेलगड़िया टाउनशिप निवासियों को मालिकाना हक: JRDA का ऐतिहासिक फैसला
बीबीएमकेयू धनबाद: बीएड सेमेस्टर-4 परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि घोषित, 2 दिसंबर तक बिना लेट फीस आवेदन
धनबाद की लाइफलाइन गया पुल अंडरपास का चौड़ीकरण शुरू, जाम से मिलेगी मुक्ति
झरिया की आग पर कोयला सचिव चिंतित, खनन को बताया खतरनाक
