लखनऊ: थार से स्टंट कर युवक ने तोड़ी पुलिस बैरिकेडिंग, वीडियो वायरल
लखनऊ में बेखौफ ड्राइविंग का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक युवक अपनी थार एसयूवी से खतरनाक स्टंट करते हुए दिख रहा है। यह घटना गोमतीनगर विस्तार क्षेत्र की है, जहां युवक ने न केवल पुलिस द्वारा लगाई गई बैरिकेडिंग को तोड़ा, बल्कि चलती गाड़ी पर खड़े होकर रील भी बनाई। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे सार्वजनिक सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।
वायरल वीडियो के अनुसार, यह घटना जी-20 रोड पर हुई। युवक ने तेज रफ्तार में अपनी थार को चलाते हुए स्पीड कंट्रोल के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग को टक्कर मारकर गिरा दिया। इसके बाद वह कुछ दूर आगे बढ़ा और चलती गाड़ी का गेट खोलकर उस पर खड़ा हो गया। युवक ने इस पूरे स्टंट का वीडियो अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किया।
गोमतीनगर विस्तार पुलिस ने इस मामले का संज्ञान लिया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि वीडियो की जांच की जा रही है ताकि युवक की पहचान की जा सके और यह पता लगाया जा सके कि यह घटना कब हुई थी। पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक सड़क पर इस तरह के खतरनाक स्टंट करना कानून का उल्लंघन है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
