लखनऊ न्यूज: चारबाग स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, प्लेटफॉर्म से ट्रैक पर पलटा बैटरी रिक्शा
लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्लेटफॉर्म नंबर चार पर यात्रियों को लेकर जा रहा एक बैटरी रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर ट्रैक पर पलट गया। यह घटना सुबह करीब 11 बजे हुई, जब रिक्शा कानपुर साइड के फुट ओवर ब्रिज के नीचे से गुजर रहा था। रिक्शा में सवार तीन यात्री और चालक घायल हो गए। गनीमत यह रही कि जिस समय यह घटना हुई, उस ट्रैक पर कोई ट्रेन नहीं थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बैटरी रिक्शा चालक ने आगे चल रहे एक यात्री को ओवरटेक करने के लिए जल्दबाजी में कट मारने की कोशिश की। इसी दौरान रिक्शा का संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म से नीचे ट्रैक पर जा गिरा। घटना के बाद प्लेटफॉर्म पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद यात्रियों ने तुरंत दौड़कर घायलों को उठाया। बताया गया कि घायलों को ज्यादा गंभीर चोटें नहीं आईं, जिसके बाद वे वहां से चले गए।
इस घटना ने स्टेशन पर बैटरी रिक्शा के संचालन को लेकर सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रेलवे के नियमों के अनुसार, ये रिक्शा केवल बुकिंग पर ही प्लेटफॉर्म पर जा सकते हैं, लेकिन अक्सर चालक इन नियमों का उल्लंघन करते हुए यात्रियों की तलाश में प्लेटफॉर्म पर घूमते रहते हैं। यात्रियों ने पहले भी इस मनमानी के खिलाफ शिकायत की है, लेकिन रेलवे प्रशासन ने इस पर ध्यान नहीं दिया है। घटना के बाद रेलवे अधिकारियों को सूचना मिली और रिक्शा को ट्रैक से हटाने का प्रयास शुरू किया गया।
