लखनऊ में सनसनीखेज Lucknow murder, मजदूर का ईंट से सिर कुचला
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक मजदूर की नृशंस हत्या से सनसनी फैल गई है। सुशांत गोल्फ सिटी इलाके के मुल्ला खेड़ा में 40 वर्षीय संतराम का शव मंगलवार सुबह सड़क किनारे खून से लथपथ मिला। बताया जा रहा है कि अज्ञात हमलावरों ने ईंट से सिर कुचलकर उसकी हत्या की है।
संतराम चौरासी गांव का रहने वाला था और मजदूरी करके अपना जीवन यापन करता था। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई, जिन्होंने शव की पहचान की और पुलिस को सूचना दी। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
परिजनों के अनुसार, संतराम को शराब पीने की आदत थी और वह सोमवार देर रात शराब लेने के लिए घर से निकला था। परिजनों को आशंका है कि शराब के सेवन के दौरान किसी विवाद के चलते उसकी हत्या की गई है। हालांकि, परिजनों ने अभी तक किसी पर कोई सीधा आरोप नहीं लगाया है।
इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि हत्यारों की पहचान की जा सके।
