लखनऊ PNB Bank में 48 लाख के जेवर चोरी, वृद्ध ग्राहक को अफसरों ने दिया हैरान करने वाला जवाब
लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB Bank) की एक शाखा में 80 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्मचारी राम प्यारे श्रीवास्तव के साथ धोखाधड़ी और चोरी का मामला सामने आया है। बुजुर्ग के बैंक लॉकर से करीब 48 लाख रुपये मूल्य के जेवर गायब हो गए। जब पीड़ित ने बैंक अधिकारियों से शिकायत की, तो उन्हें हैरान करने वाला जवाब मिला। अधिकारियों ने कहा कि इस अवस्था में धर्म-कर्म के काम करो, खजाना कहां खोजने में लगे हो? जो गया समझो वह तुम्हारा था ही नहीं, जिसके भाग्य में था उसे मिल गया।
पीड़ित राम प्यारे श्रीवास्तव ने बताया कि उन्होंने वर्ष 1987 में बैंक में लॉकर नंबर 72 खोला था। इसमें उन्होंने पुरखों के और अपनी पत्नी के स्त्रीधन के रूप में जेवर रखे थे, जिनकी वर्तमान कीमत 48 से 50 लाख रुपये है। नौकरी के कारण वे अक्सर शहर से बाहर रहते थे, लेकिन लॉकर का किराया नियमित रूप से जमा करते रहे।
पीड़ित के अनुसार, 21 जून 2024 को जब वे बैंक पहुंचे तो शाखा प्रबंधक ने बताया कि उनका लॉकर अस्तित्व में ही नहीं है। बाद में बैंक ने बताया कि लॉकर तोड़कर सामान दूसरे लॉकर में शिफ्ट कर दिया गया था, क्योंकि लंबे समय से इसे ऑपरेट नहीं किया गया था। बैंक अधिकारियों ने पीड़ित को टालते हुए कहा कि अब जेवर क्यों खोज रहे हो? धन तुम्हारा नहीं था जो तुम्हें मिलता। उन्होंने यह भी कहा कि अगर वे शिकायत करेंगे तो कर्मचारियों को चोर-डकैत बनाकर जेल भेज दिया जाएगा।
पीड़ित का आरोप है कि बैंक अधिकारियों ने मामला सुलटाने के लिए उनके खाते में 55 हजार रुपये भी डाल दिए और कहा कि यह किराए से 10 गुना अधिक रकम है। पीड़ित ने थाने में शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर अब बैंक के शाखा प्रबंधक और कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है और पुलिस जांच कर रही है।
