लखनऊ में सनसनीखेज Murder: मजदूर की ईंट से सिर कूचकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी
लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां मुल्ला खेड़ा में सोमवार देर रात 40 वर्षीय संतराम की ईंट से सिर कूचकर हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे खून से लथपथ शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मृतक संतराम चौरासी गांव का रहने वाला था और मजदूरी करता था। परिजनों ने बताया कि संतराम को शराब पीने की आदत थी। सोमवार रात वह शराब लेने के लिए घर से निकला था। आशंका है कि इसी दौरान किसी से उसका विवाद हुआ और हमलावर ने ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। परिजनों ने अभी तक किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
