KGMU अस्पताल में दलालों पर बड़ी कार्रवाई, डॉक्टरों ने दौड़ाकर पकड़ा एक आरोपी; KGMU news
लखनऊ केजीएमयू के लारी कार्डियोलॉजी विभाग में मरीजों को बहला-फुसलाकर निजी अस्पतालों में भेजने वाले दलालों के खिलाफ प्रशासन ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। केजीएमयू प्रशासन को लारी के पास दलालों के जमावड़े की सूचना मिली थी, जिसके बाद पैरामेडिकल संकाय के डीन डॉ. केके सिंह और डॉ. भास्कर अग्रवाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों को देखते ही वहां मौजूद चार संदिग्ध युवक भागने लगे। डॉ. केके सिंह और डॉ. भास्कर अग्रवाल ने सुरक्षाकर्मियों के साथ मिलकर उन्हें दौड़ाया। इस दौरान एक दलाल को पकड़ लिया गया, जबकि तीन भागने में सफल रहे। पकड़े गए दलाल को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
यह दलाल लारी ओपीडी में मरीजों की भीड़ का फायदा उठा रहे थे। वे मरीजों और तीमारदारों को सस्ती दवा दिलाने और निजी अस्पतालों में कम खर्च में बेहतर इलाज का झांसा दे रहे थे। यह घटना दोपहर करीब 12 बजे की है, जब ओपीडी में मरीजों की भारी भीड़ थी।
केजीएमयू प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मरीजों की दलाली के खेल पर लगातार प्रहार जारी रहेगा। प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि मरीजों को जांच व दवाओं के लिए फुसलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लारी में एचआरएफ दवा काउंटर की व्यवस्था दुरुस्त करने और जल्द ही दूसरा काउंटर खोलने के निर्देश भी दिए हैं।
