लखनऊ में हिट एंड रन: तेज रफ्तार कार ने बुजुर्ग को रौंदा, मौत के बाद सड़क जाम (Lucknow news)
लखनऊ के आशियाना इलाके में बुधवार रात एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से 68 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान रमेश चौधरी के रूप में हुई है, जो गवर्नमेंट प्रेस से सेवानिवृत्त थे। यह घटना पकरीपुल के पास हुई जब रमेश चौधरी सब्जी खरीदकर साइकिल से घर लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वंश क्लीनिक के पास एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रमेश चौधरी हवा में उछलकर करीब 20 फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। कार चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बुजुर्ग को तुरंत लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बुजुर्ग की मौत की खबर फैलते ही इलाके में फैलते ही लोगों में आक्रोश फैल गया। देर रात स्थानीय निवासियों ने पकरीपुल चौराहे को जाम कर दिया और आरोपी कार चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर आशियाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को जल्द कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।
इंस्पेक्टर आशियाना छत्रपाल सिंह ने बताया कि मृतक के बेटे अभिषेक की तहरीर पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे हुए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान कर जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
