Lucknow accident news: किसान पथ पर गलत दिशा में जा रहे बाइक सवार को टक्कर, मौत
लखनऊ के गोसाईगंज क्षेत्र में किसान पथ पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। कानपुर देहात के अकबरपुर निवासी 45 वर्षीय राज नारायण की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब राज नारायण अपनी बाइक से विपरीत दिशा में जा रहे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, उन्होंने हेलमेट भी नहीं पहना था, जिसके कारण टक्कर के बाद सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी जान चली गई।
यह घटना गुरुवार दोपहर करीब दो बजे दुलारमऊ के पास हुई। राज नारायण चिनहट की ओर जा रहे थे, लेकिन गलत दिशा में होने के कारण सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राज नारायण सड़क पर गिर पड़े और वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही गोसाईगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायल को गोसाईगंज सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस को मृतक की तलाशी के दौरान आधार कार्ड और मोबाइल फोन मिला। मोबाइल फोन के जरिए पुलिस ने राज नारायण के परिजनों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार वाहन चालक की तलाश कर रही है।
