लखनऊ में बच्चों को अगवा करने की कोशिश, दहशत में स्कूल छोड़ा; कार चोरी की निकली
लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके के सोहावा गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां स्कूल जा रहे बच्चों को अगवा करने की कोशिश की गई। इस घटना के बाद से बच्चे इतने डरे हुए हैं कि उन्होंने स्कूल जाना छोड़ दिया है। बच्चों के अनुसार, दो युवकों ने उन्हें टॉफी का लालच देकर रोकने की कोशिश की, जिसके बाद वे अपनी साइकिलें छोड़कर एक किलोमीटर तक भागकर अपने गांव पहुंचे।
सोहावा गांव के 10 छात्र-छात्राएं बुधवार को जैतीखेड़ा स्थित अपर प्राइमरी स्कूल जा रहे थे। नहर पटरी रोड पर एक कार खड़ी थी, जिसमें दो युवक मौजूद थे। बच्चों ने बताया कि युवकों ने उन्हें रोककर टॉफी देने का लालच दिया और कार को धक्का लगाने के लिए कहा। बच्चों को संदेह हुआ और वे अपनी साइकिलें वहीं छोड़कर घरों की तरफ भाग निकले। बदमाशों ने कुछ दूर तक उनका पीछा भी किया, लेकिन बच्चे गांव पहुंच गए।
बच्चों ने घर पहुंचकर अपने अभिभावकों को घटना की जानकारी दी। दहशत में आए बच्चों को देखकर गांव वाले लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को आता देख बदमाश कार छोड़कर खेतों के रास्ते भाग निकले। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने कार को जब्त कर लिया।
पुलिस जांच में पता चला कि यह कार 11 दिन पहले सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र से चोरी हुई थी। एसीपी मोहनलालगंज ने बताया कि बदमाशों की कार में पेट्रोल खत्म हो गया था और वे बच्चों से धक्का लगवाने के लिए मदद मांग रहे थे। बच्चों ने इसे अपहरण का प्रयास समझ लिया और भाग निकले। पुलिस ने बताया गया है कि कार के अंदर शराब की बोतलें और बिस्तर जैसी चीजें मिली हैं। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और आगे की जांच कर रही है।
