Lucknow University: 117 छात्रों ने UGC NET Result में लहराया परचम, 22 को मिली JRF
लखनऊ विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा यूजीसी नेट में बड़ी सफलता हासिल की है। विश्वविद्यालय के कुल 117 छात्रों ने इस परीक्षा में सफलता प्राप्त की है, जिसमें 22 विद्यार्थी जेआरएफ (JRF) और 95 नेट (NET) के लिए योग्य घोषित हुए हैं। यह उपलब्धि छात्रों की कड़ी मेहनत और विश्वविद्यालय के मजबूत शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर जेपी सैनी ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल छात्रों के समर्पण को दर्शाती है, बल्कि विश्वविद्यालय के लिए भी गौरव का विषय है।
विभिन्न विभागों ने किया शानदार प्रदर्शन
सफलता प्राप्त करने वाले छात्रों में विभिन्न विभागों के विद्यार्थी शामिल हैं। अंग्रेजी एवं आधुनिक यूरोपीय भाषाएं विभाग से सबसे अधिक 15 नेट और 5 जेआरएफ छात्रों ने सफलता अर्जित की है। शिक्षा विभाग से 4 जेआरएफ और 16 नेट, हिंदी विभाग से 4 जेआरएफ और 10 नेट, वाणिज्य विभाग से 2 जेआरएफ और 11 नेट, तथा ज्योतिर्विज्ञान विभाग से 5 जेआरएफ और 3 नेट छात्रों ने परीक्षा पास की है। इसके अलावा, समाजशास्त्र, प्राचीन भारतीय इतिहास, पश्चिमी इतिहास, कंप्यूटर विज्ञान, समाज कार्य, उर्दू, भूगोल, पत्रकारिता, प्रबंधन विज्ञान और गृह विज्ञान जैसे अन्य विभागों के छात्रों ने भी नेट परीक्षा में सफलता हासिल की है।
