लखनऊ में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार Scorpio ने बाइक सवार को रौंदा, युवक की मौत
लखनऊ के नगराम रोड पर बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। नगराम रोड पर टाइटेनियम ग्लास फैक्ट्री के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सुनील (30) गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सुनील को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगराम पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि ट्रामा सेंटर ले जाते समय भी उनकी हालत लगातार बिगड़ती रही। इसके बाद उन्हें किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही देर रात सुनील ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस के अनुसार, सुनील कासिमपुर, निगोहां के निवासी थे और बुधवार शाम नगराम रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। निगोहां थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
