लखनऊ में ‘Happy Holi’ कहने पर चाकू मारकर युवक की हत्या, भाई-बहन समेत तीन गिरफ्तार
लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र के बेगरिया गांव में होली के त्योहार से पहले एक मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। बुधवार शाम को ‘हैप्पी होली’ कहने पर हुए विवाद में 22 वर्षीय युवक सूरज गौतम की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में तनाव फैल गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया।
पुलिस के अनुसार, बेगरिया गांव निवासी सूरज गौतम बुधवार शाम अपने घर के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले मोहित तिवारी ने उन्हें ‘हैप्पी होली’ कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ता देख सूरज के पिता राजेंद्र गौतम बीच-बचाव के लिए पहुंचे। तभी मारपीट शुरू हो गई और सूरज भी अपने पिता को बचाने के लिए वहां आ गए।
आरोप है कि विवाद के दौरान मोहित की बहन शिवानी घर से सब्जी काटने वाला चाकू लेकर बाहर आ गई। मोहित और शिवानी ने मिलकर सूरज के पेट में कई बार चाकू से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। ग्रामीणों की मदद से सूरज को तत्काल ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
युवक की मौत की खबर फैलते ही गांव में तनाव फैल गया। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने दुबग्गा कोतवाली पहुंचकर करीब तीन घंटे तक हंगामा किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई अन्य थानों की पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मोहित तिवारी, उसकी बहन शिवानी और मां रंजना को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मोहित तिवारी बनारस में जीएसटी विभाग में क्लर्क के पद पर तैनात है और उसका परिवार अक्सर गांव में विवाद करता रहता है।
