लखनऊ में ‘Happy Holi’ कहने पर विवाद, भाई-बहन ने युवक को चाकू मारकर मार डाला, थाने पर हंगामा
लखनऊ के दुबग्गा इलाके में होली की शुभकामना देने पर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बेगरिया गांव में ‘Happy Holi’ कहने पर शुरू हुई कहासुनी में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय पेंटर सूरज गौतम के रूप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने दुबग्गा थाने पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। पुलिस ने इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना बुधवार शाम करीब 5:30 बजे की है। बेगरिया गांव निवासी सूरज गौतम और मोहित तिवारी का घर आमने-सामने है। शाम को मोहित तिवारी घर के बाहर टहल रहे थे, तभी उधर से गुजर रहे गांव के जिशु ने उन्हें ‘Happy Holi’ कहा। इस पर दोनों में विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ता देख सूरज के पिता राजेंद्र गौतम बीच-बचाव के लिए पहुंचे। इसी दौरान मोहित और जिशु के बीच मारपीट होने लगी। अपने पिता को बचाने के लिए सूरज भी मौके पर पहुंचा।
विवाद के दौरान मोहित तिवारी की बहन शिवानी घर से चाकू लेकर आ गई। आरोप है कि मोहित और शिवानी ने मिलकर सूरज गौतम के पेट में कई बार चाकू से वार किया। गंभीर रूप से घायल सूरज लहूलु लहूलुहान होकर मौके पर गिर गया। आनन-फानन में उसे ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूरज की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। उन्होंने सैकड़ों ग्रामीणों के साथ दुबग्गा कोतवाली पहुंचकर हंगामा किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पारा, नाका और काकोरी समेत कई थानों की पुलिस को तैनात किया गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराया। पुलिस ने मृतक के पिता राजेंद्र गौतम की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी मोहित, उसकी बहन शिवानी और मां रंजना को गिरफ्तार कर लिया है। परिवार के अनुसार, सूरज ही घर का मुख्य सहारा था। उसकी मां का निधन हो चुका है और उस पर पिता और छोटे भाई की जिम्मेदारी थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मोहित तिवारी बनारस में जीएसटी विभाग में क्लर्क के पद पर कार्यरत है। ग्रामीणों ने बताया कि मोहित का परिवार झगड़ालू किस्म का है और अक्सर गांव में लोगों से विवाद करता रहता है।
