आगरा में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने दो ऑटो को रौंदा, 5 लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश के आगरा में एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। यह हादसा खंदौली थाना क्षेत्र में जलेसर रोड पर हुआ, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रहे दो ऑटो-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ऑटो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए और गड्ढे में पलट गए।
हादसे का शिकार हुए सभी लोग जगन्नाथ पुरी की तीर्थयात्रा से लौट रहे थे। वे जबलपुर होते हुए आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे थे और वहां से अपने गांव जाने के लिए दो ऑटो बुक किए थे। मृतकों में हाथरस जिले के भादउ गांव के रहने वाले विजय सिंह, लक्ष्मीचंद, रघुवीर और बिरला मिस्त्री शामिल हैं। एक अन्य मृतक की पहचान आगरा निवासी शाहिद खान के रूप में हुई है, जो एक ऑटो चला रहा था।
पुलिस के अनुसार, ट्रक चालक कथित तौर पर नशे की हालत में था और लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रक चला रहा था। उसने पहले एक ऑटो को टक्कर मारी और फिर दूसरे को रौंद दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
