आगरा news: रेलवे ट्रैक निर्माण के विरोध में किसानों ने भू समाधि लेने का किया प्रयास, प्रशासन ने समझाकर रोका
आगरा के अछनेरा क्षेत्र में कीठम-भांडई तीसरी रेल लाइन के निर्माण के कारण गांव नागर में चकरोड संख्या 24 को बंद किए जाने के विरोध में किसानों का गुस्सा भड़क उठा। शुक्रवार को ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन को तेज करते हुए भू समाधि लेने का प्रयास किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस-प्रशासन और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाकर रोका।
दरअसल, किसान 11 नवंबर से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। उनकी मुख्य मांग है कि बंद किए गए चक मार्ग पर पुल का निर्माण किया जाए ताकि ग्रामीणों का आवागमन बाधित न हो। शुक्रवार को किसान मजदूर नेता चौधरी दिलीप सिंह के नेतृत्व में सुखपाल, बलवीर, शिवराम, अशोक, दीवान, मेंबर, रामबाबू, करणपाल, वीरपाल समेत 10 किसानों ने भू समाधि लेने की कोशिश की।
सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार शुभ्रा अवस्थी, एसीपी अछनेरा शैलेन्द्र सिंह, रेल विकास निगम लिमिटेड के एजीएम पी.के. शर्मा, विधिक सलाहकार आरबीएस भदौरिया, थानाध्यक्ष अछनेरा देवेन्द्र कुमार द्विवेदी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि मंगलवार को जिलाधिकारी के साथ बैठक कर इस समस्या का समाधान निकाला जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद किसानों ने भू-समाधि लेने का फैसला स्थगित कर दिया।
