आगरा में पड़ोसी के उत्पीड़न से तंग किशोरी ने की आत्महत्या, 4 लोगों पर FIR दर्ज | Agra news
आगरा के मलपुरा थाना क्षेत्र में एक 15 वर्षीय किशोरी ने पड़ोसी युवक के उत्पीड़न से तंग आकर फांसी लगाकर जान दे दी। किशोरी के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक, उसके भाई, दोस्त और मां समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
किशोरी के पिता के अनुसार, 28 जनवरी को गांव जखौदा निवासी आरिफ और उसका दोस्त साहिल उनकी बेटी को जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले जा रहे थे। इस दौरान किशोरी के भाई ने उन्हें देख लिया और रोकने की कोशिश की। आरोपी युवक किशोरी को छोड़कर भाग गए, लेकिन भागने से पहले उन्होंने किशोरी के भाई के साथ हाथापाई की और जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी युवक पहले भी किशोरी को परेशान करते थे। इस घटना के बाद आरोपी आरिफ के परिजन पीड़िता के घर पहुंचे और किशोरी व उसकी मां के साथ अभद्रता और गाली-गलौज की। इस घटना से किशोरी मानसिक रूप से अत्यंत परेशान हो गई और अगले ही दिन 29 जनवरी को उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
थाना मलपुरा प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र वशिष्ठ ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर दो सगे भाई अफसर और आरिफ, उनकी मां समीना और साहिल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और मामले की जांच जारी है।
