पत्नी से छेड़छाड़ के शक में भतीजे की हत्या, आरोपी ने झोपड़ी में जलाया; Agra crime news
सिढ़पुरा इलाके के ताजपुर में जली हुई झोपड़ी के अंदर मिली लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने इस मामले में जुबैर नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसने पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया है। आरोपी जुबैर ने कबूल किया कि उसने ही अविशान की हत्या की थी, क्योंकि अविशान उसकी पत्नी के साथ छेड़खानी करता था।
जुबैर ने बताया कि मृतक अविशान रिश्ते में उसका भतीजा लगता था और उसका घर पर आना-जाना था। इसी दौरान अविशान उसकी पत्नी के साथ अश्लील हरकतें करने लगा। जुबैर ने उसे कई बार समझाया और मना भी किया, लेकिन जब वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया तो जुबैर ने उसकी हत्या की साजिश रच डाली।
घटना वाली शाम यानी 21 दिसंबर को जुबैर, अविशान को दुकान से अपनी बाइक पर बैठाकर ले गया। अमांपुर रोड पर बिजली घर के पीछे ले जाकर उसने पहले अविशान को शराब पिलाई और फिर उसकी हत्या कर दी। अपनी पहचान और सबूत मिटाने के लिए उसने लाश को एक झोपड़ी में डालकर आग लगा दी थी।
मृतक के भाई जीशान ने पुलिस को बताया था कि आखिरी बार उसके भाई को जुबैर के साथ ही देखा गया था। इसी आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और आरोपी को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के पास से मृतक के पिता का आधार कार्ड भी बरामद किया है और उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
