आगरा के रुनकता में शनिदेव मंदिर मार्ग का होगा चौड़ीकरण, श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत (Agra news)
आगरा के रुनकता स्थित प्राचीन रेणुका धाम शनिदेव मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग के चौड़ीकरण को मंजूरी मिल गई है। लंबे समय से संकरी और टूटी-फूटी सड़क के कारण श्रद्धालुओं को हो रही परेशानी अब खत्म होगी।
लोक निर्माण विभाग के प्रस्ताव पर शासन ने 1.77 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। यह सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग से मंदिर तक 2.1 किलोमीटर लंबी है। सड़क के चौड़ीकरण का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।
यह मार्ग संकरा होने के साथ ही जगह-जगह टूटा पड़ा है। बारिश के मौसम में इस सड़क पर हालात नारकीय हो जाते हैं, जिससे मंदिर आने वाले भक्तों को भारी असुविधा होती है।
सड़क के चौड़ीकरण से क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीणों को भी लाभ मिलेगा। साथ ही, श्रद्धालुओं के लिए दाऊजी मंदिर जाने का मार्ग भी सुगम हो जाएगा। सांसद राजकुमार चाहर ने इस परियोजना को मंजूरी देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया है।
