यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: 7 बसें और 2 कारें टकराईं, 4 की मौत; 3 KM लंबा जाम, टोल प्लाजा बंद
यमुना एक्सप्रेसवे पर खंदौली क्षेत्र में घने कोहरे के कारण भीषण हादसा हुआ, जिसमें सात बसें और दो कारें टकरा गईं और उनमें आग लग गई। दुर्घटना के बाद आगरा-नोएडा जाने वाली लेन पूरी तरह बंद कर दी गई, जिससे यमुना एक्सप्रेसवे पर करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम में हजारों वाहन फंस गए और यात्रियों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सोमवार रात करीब दो बजे यमुना एक्सप्रेसवे पर आगरा से नोएडा जा रही लेन पर घने कोहरे के बीच तेज रफ्तार में दौड़ रहे कई वाहन आपस में टकरा गए। सात बसों और दो कारों में भीषण आग लग गई। कई लोग वाहनों के अंदर फंस गए, कुछ ने बसों से कूदकर अपनी जान बचाई। इस हादसे में चार लोगों की जलकर मृत्यु हो गई है और करीब 25 से अधिक घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एहतियातन टोल प्लाजा को बंद कर दिया गया और वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। खबर लिखे जाने तक टोल प्लाजा बंद रहा और वाहनों की करीब तीन किलोमीटर लंबी कतार लगी हुई थी। यातायात को सुचारू करने के लिए प्रशासन की ओर से वाहनों को दूसरी दिशा से निकाला जा रहा था। पुलिस और प्रशासन स्थिति को सामान्य करने में जुटे हुए थे।
