रौंगटे खड़े कर देने वाला हादसा: आगरा हाईवे पर 2 किमी तक घिसटती रही बाइक, स्कार्पियो चालक फरार
आगरा-दिल्ली हाईवे पर रुनकता के पास मंगलवार दोपहर एक तेज रफ्तार स्कार्पियो ने बाइक सवार युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि बाइक सवार युवक छिटककर गिर गए और उन्हें गंभीर चोट नहीं आई। लेकिन स्कार्पियो चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और बाइक को घसीटते हुए दो किलोमीटर तक ले गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कार्पियो के नीचे फंसी बाइक घिसटती रही, जिससे सड़क पर चिंगारी निकलती रहीं। जिसने भी यह दृश्य देखा, उसके रौंगटे खड़े हो गए। स्कार्पियो चालक दो किमी दूर रुनकता अंडरपास के नीचे जाकर रुका, जहां उसने बाइक को निकाला और मौके से फरार हो गया।
रुनकता निवासी भूपेन्द्र सिंह अपने साथी जितेन्द्र के साथ स्पलेंडर बाइक से आगरा से रुनकता की ओर जा रहे थे। भूपेन्द्र ने बताया कि हाइवे पर हीरालाल की प्याऊ अंडरपास के नजदीक आगे चल रही स्कार्पियो चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे बाइक असंतुलित होकर स्कार्पियो से टकरा गई। दोनों बाइक सवार नीचे गिर गए और बाइक स्कार्पियो में फंस गई।
हादसे के बाद जब बाइक सवार मौके पर पहुंचे, तो उन्हें पता चला कि कोई दूसरा व्यक्ति उनकी बाइक को अपना बताकर ले गया है। पीड़ितों ने रुनकता चौकी पर घटना की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अब स्कार्पियो चालक और चोरी हुई बाइक की तलाश कर रही है।
