मुंबई-कोलकाता की 12 उड़ानें कैंसिल, एयरलाइन ने नहीं दी सूचना; लखनऊ एयरपोर्ट पर यात्रियों का हंगामा
लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर खराब मौसम और परिचालन संबंधी समस्याओं के चलते विमान सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। गुरुवार को मुंबई, कोलकाता, दिल्ली, पुणे, हैदराबाद और दुबई सहित 12 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा, 20 से अधिक उड़ानें भी निर्धारित समय से कई घंटे देरी से चलीं।
यात्रियों का आरोप है कि एयरलाइन, विशेष रूप से इंडिगो, ने उन्हें उड़ानों के निरस्त होने या विलंब की कोई पूर्व सूचना नहीं दी। कई यात्री घंटों तक एयरपोर्ट पर इंतजार करते रहे, लेकिन काउंटर पर भी कोई ठोस जानकारी नहीं दी गई। यात्रियों ने बताया कि उन्हें न तो कोई वैकल्पिक व्यवस्था दी गई और न ही कोई घोषणा की गई।
इस अव्यवस्था से आक्रोशित यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा किया और एयरलाइन के खिलाफ नारेबाजी की। कई यात्री सुबह से ही अपनी फ्लाइट का इंतजार कर रहे थे। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा से पहले एयरलाइन की वेबसाइट पर अपडेट जांच लें।
