युवाओं को नासकाम के सहयोग से मिलेगा फ्यूचर स्किल्स प्राइम प्रशिक्षण
उत्तर प्रदेश को एक प्रमुख एआई इनोवेशन हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में आईटी एवं इलेक्ट्रानिक्स विभाग सक्रिय कदम उठा रहा है। विभाग के सेंटर फॉर ई-गवर्नेंस ने हाल ही में एक राज्य स्तरीय एआई-लेड इनोवेशन एंड कैपेसिटी बिल्डिंग कांफ्रेंस का आयोजन किया। इस सम्मेलन के दौरान, सेंटर फॉर ई-गवर्नेंस और नासकाम के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) फ्यूचर स्किल्स प्राइम कार्यक्रम के तहत हस्ताक्षरित हुआ।
इस एमओयू का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को भविष्य की तकनीकों, विशेष रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) में उच्च-स्तरीय प्रशिक्षण प्रदान करना है। प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं के उद्योग-उन्मुख कौशल को बढ़ाया जाएगा, जिससे उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। प्रमुख सचिव, आईटी व इलेक्ट्रानिक्स, अनुराग यादव ने बताया कि कांफ्रेंस में एआई, डिजिटल स्किल्स, क्षमता निर्माण और रोजगार सृजन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा हुई।
इस पहल का व्यापक प्रभाव यह होगा कि प्रदेश के युवाओं को आधुनिक तकनीकी कौशल से लैस किया जाएगा, जो उन्हें भविष्य के रोजगार बाजार में प्रतिस्पर्धी बनाएगा। कांफ्रेंस में माइक्रोसॉफ्ट, टीसीएस, गूगल जैसी वैश्विक कंपनियों ने एआई के व्यावहारिक अनुप्रयोगों पर केस स्टडी प्रस्तुत कीं। ‘एआई प्रज्ञा’ नामक एक प्रस्तुति भी दी गई, जिसका लक्ष्य प्रदेश के 10 लाख नागरिकों को एआई साक्षरता से जोड़ना है।
