लखनऊ में महिला कांस्टेबल के घर चोरी, लाखों के जेवर गायब; जांच में जुटी police
लखनऊ के बीकेटी थाना क्षेत्र में पुलिस थाने से चंद कदमों की दूरी पर स्थित एक महिला कांस्टेबल के घर में चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने बंद घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
पुलिस के अनुसार, बालाजी विहार कॉलोनी निवासी वीर पाल सिंह तोमर की पत्नी सविता सिंह यूपी पुलिस में कांस्टेबल हैं और वर्तमान में बलरामपुर पुलिस लाइन में तैनात हैं। बुधवार को वीर पाल सिंह भी बच्चों से मिलने बलरामपुर गए थे। घर बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
गुरुवार सुबह ठेकेदार उमेश मिश्रा ने फोन कर वीर पाल सिंह को घर में चोरी होने की सूचना दी। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि चोरों ने घर का सारा सामान बिखेर दिया था और अलमारी तोड़कर 53,000 रुपये नकद, सैमसंग एलईडी टीवी, सोने का हार सहित लाखों रुपये के जेवर चोरी कर लिए थे। चोरों ने बेडरूम में बने तहखाने को भी खोलकर शादी के कुछ बर्तन चुरा लिए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
