लखनऊ: गोमतीनगर में बंद मकान से लाखों की चोरी, CCTV फुटेज में दिखे चोर | Lucknow crime news
लखनऊ के विभूति खंड थानाक्षेत्र के गोमतीनगर में चोरों ने एक बंद मकान से लाखों रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। घर के मालिक सूर्या जायसवाल ने बताया कि चोरों ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और लॉकर में रखे करीब पौने दो लाख रुपये नकद और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना की जानकारी तब हुई जब पड़ोसी ने फोन करके बताया कि घर का ताला टूटा हुआ है।
पीड़ित परिवार 10 जनवरी को अहमदाबाद दर्शन के लिए गया था। पीड़ित की पत्नी 14 जनवरी को घर में ताला लगाकर लखीमपुर चली गई थीं क्योंकि उनकी सास का ऑपरेशन होना था। 15 जनवरी की सुबह करीब 10 बजे पड़ोसी ने चोरी की सूचना दी। परिवार तुरंत लखनऊ लौटा और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
मौके पर पहुंची विभूति खंड पुलिस ने पीड़ित से पूछताछ की और अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज कब्जे में ले ली गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि रात करीब 3 से 4 बजे के बीच एक ऑटो से पांच लोग आए थे। इनमें से तीन चोर घर के अंदर घुसे, जबकि एक बाहर निगरानी कर रहा था और एक ऑटो में बैठा था। चोर कुछ देर बाद एक बैग लेकर फरार हो गए। पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
