लखनऊ के अपार्टमेंट में भीषण आग, जान बचाने के लिए बिल्डिंग से कूदे लोग (Lucknow news)
लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के बसंत कुंज योजना में शुक्रवार को एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद इमारत में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए कुछ लोगों ने बिल्डिंग से छलांग लगा दी। एक युवक ने कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि अन्य लोग मदद के लिए चीखते रहे। आग की शुरुआत तीसरी मंजिल से हुई और देखते ही देखते घना धुआं पूरी इमारत में फैल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद चीख-पुकार मच गई। लोग बालकनियों और खिड़कियों से मदद की गुहार लगा रहे थे। दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया। हालांकि, घना धुआं और ऊपरी मंजिलों तक पहुंचना दमकलकर्मियों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।
पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना प्राथमिकता है। आग बुझाने के साथ-साथ व्यापक बचाव कार्य जारी है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है, लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण माना जा रहा है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
