UP weather news: आंधी-बारिश से 4 की मौत, 26 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में आए अचानक बदलाव ने कई जिलों में भारी तबाही मचाई है। तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। कानपुर, कासगंज, आगरा और हमीरपुर समेत कई जिलों में हुए हादसों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हुए हैं। मौसम विभाग ने रविवार को भी प्रदेश के 26 जिलों के लिए आंधी-बारिश और बिजली गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
तेज हवाओं से कानपुर में दो की मौत
कानपुर और आसपास के क्षेत्रों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलीं। यहां 21.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। काकादेव क्षेत्र में पेड़ गिरने से एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। कासगंज के गंजडुंडवारा क्षेत्र में भी पेड़ गिरने से बाइक सवार भाई-बहन की जान चली गई। आगरा के मई बुजुर्ग गांव में मकान गिरने से नौ लोग घायल हुए। हमीरपुर, बांदा और जालौन में फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है।
लखनऊ में बिजली गुल और जाम की स्थिति
राजधानी लखनऊ में भी तेज आंधी और बारिश के कारण पारा गिर गया। तेज हवाओं से कई इलाकों की बिजली ठप हो गई। देर रात तक बिजली बहाल करने का काम चलता रहा। बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जाम लग गया। लोहिया पथ और शहीद पथ के अंडरपास के पास बारिश से बचने के लिए रुके वाहनों के कारण यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, यह बारिश पश्चिमी विक्षोभ के असर से हुई है और रविवार को भी बारिश का अनुमान है।
