Lucknow crime news: छेड़खानी का विरोध करने पर परिवार पर हमला, घर में घुसकर की पिटाई
लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में एक परिवार पर जानलेवा हमला किया गया। यह हमला तब हुआ जब परिवार ने एक व्यक्ति द्वारा की जा रही छेड़खानी का विरोध किया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर उनके घर में घुसकर मारपीट की। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार दहशत में है।
पीड़िता के अनुसार, उसके घर के सामने ठेला लगाने वाला हेमू नामक व्यक्ति पिछले एक साल से उसे परेशान कर रहा था। आरोपी ने पहले उसका नंबर हासिल कर फोन करना शुरू किया। जब महिला ने फोन उठाना बंद कर दिया, तो उसने रास्ते में घूरना और छेड़खानी करना शुरू कर दिया।
शनिवार को जब पीड़िता के पति ने आरोपी की इस हरकत पर आपत्ति जताई, तो दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ और मारपीट होने लगी। सूचना मिलने पर 112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। हालांकि, कुछ देर बाद ही आरोपी हेमू अपनी पत्नी प्रेमा, बेटी इंद्राणी, कंचन और अन्य सहयोगियों के साथ पीड़ित परिवार के घर में घुस आया।
आरोपियों ने महिला, उसके पति और बेटी पर हमला कर दिया और तीनों को बुरी तरह पीटा। शोर सुनकर जब आसपास के लोग इकट्ठा हुए, तो आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
