PNG connection: लखनऊ news, ग्रीन गैस ने दी 500 रुपये की छूट, रजिस्ट्रेशन शुल्क भी माफ
लखनऊ में एलपीजी पर निर्भरता कम करने के लिए ग्रीन गैस ने पीएनजी कनेक्शन को सुलभ बनाने की दिशा में प्रयास तेज कर दिए हैं। कंपनी ने नए कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं के लिए रजिस्ट्रेशन समेत अन्य शुल्क माफ कर दिए हैं। इसके साथ ही, नए कनेक्शन लेने वालों को पहले बिल में 500 रुपये की छूट देने पर भी विचार चल रहा है।
यह पहल ऐसे समय में सामने आई है जब शहर के कई ग्रामीण क्षेत्रों में एलपीजी आपूर्ति की गंभीर समस्या बनी हुई है। नगराम क्षेत्र के भारत गैस उपभोक्ताओं को बीते एक माह से सिलेंडर नहीं मिल पाया है। होली से पहले बुकिंग कराने वाले उपभोक्ता भी दर-दर भटकने को मजबूर हैं।
एलपीजी की आपूर्ति न होने के कारण इन क्षेत्रों के कई परिवारों को मजबूरी में चूल्हे और अंगीठी का सहारा लेना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि लकड़ी और कंडे से खाना बनाने के कारण घर में धुआं भर जाता है, जिससे महिलाओं और बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें हो रही हैं। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि एक माह पहले बुकिंग कराने के बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिला है और डिस्ट्रीब्यूटर के फोन नंबर भी बंद आ रहे हैं।
ग्रीन गैस के अनुसार, शहर में वर्तमान में 84 हजार पीएनजी उपभोक्ता हैं। कंपनी ने 14 मार्च से 3 अप्रैल के बीच 190 नए कनेक्शन दिए हैं और तीन चरणों में योजना बनाकर अधिक से अधिक लोगों को पीएनजी कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा गया है।
