लखनऊ: CM Yogi news, रंगमंच राष्ट्रीय चेतना जगाए, महानायकों की कहानी युवाओं तक पहुंचाएं: सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में भारतेंदु नाट्य अकादमी (बीएनए) के स्वर्ण जयंती समारोह का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने अकादमी की 50 वर्ष की यात्रा पर लगी प्रदर्शनी और लघु फिल्म का अवलोकन किया। सीएम योगी ने जीर्णोद्धार के बाद प्रो. राज बिसारिया प्रेक्षागृह और अन्य कार्यों का भी शुभारंभ किया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि रंगमंच और साहित्य का काम देश के महानायकों की कहानी को बच्चों और युवाओं के सामने लाकर राष्ट्रीय चेतना जागृत करना है। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों ने हजार साल पहले महाराजा सुहेलदेव के पराक्रम को भुला दिया था। महाराजा सुहेलदेव ने सालार मसूद जैसे आक्रांता का खात्मा किया था, जिसने सोमनाथ समेत कई मंदिरों को तोड़ा था।
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि सुहेलदेव की अदम्य साहस और वीरता की कहानी के साथ-साथ वीरांगना झलकारीबाई, बिजली पासी, अवंतीबाई, राम प्रसाद बिस्मिल, चंद्रशेखर आजाद, ठाकुर रोशन सिंह जैसे नायकों की कहानी को स्कूलों में मंचित किया जाना चाहिए। उन्होंने अकादमी निदेशक बिपिन कुमार के निर्देशन में मंचित नाटक ‘आनंद मठ’ की प्रस्तुति देखी और उसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि 1921 में ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ ‘आनंद मठ’ से आवाज उठी थी।
सीएम योगी ने कहा कि संवेदनशील शासन और संवेदनाशून्य शासन में यही फर्क होता है। उन्होंने कोरोना काल का उदाहरण देते हुए कहा कि संवेदनशील शासन ने श्रमिकों को घर पहुंचाया, राशन दिया और वैक्सीन विकसित कर मिसाल बनाई। उन्होंने अकादमी की सीट बढ़ाने और कर्मचारियों को सुविधाएं देने का आश्वासन भी दिया। साथ ही अकादमी को छात्रावास के लिए किराए का नहीं, बल्कि स्वयं का भवन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कला और रंगमंच की 15 विभूतियों को सम्मानित किया।
