UP news: लखनऊ-सुल्तानपुर के सरकारी दफ्तरों को बम से उड़ाने की धमकी, घंटों चली तलाशी
उत्तर प्रदेश में बुधवार को दो महत्वपूर्ण सरकारी दफ्तरों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। राजधानी लखनऊ के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय और सुल्तानपुर के प्रधान डाकघर में ईमेल के जरिए यह धमकी दी गई। सूचना मिलते ही दोनों परिसरों को तत्काल खाली कराया गया और घंटों तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि, दोनों ही जगहों पर जांच के बाद यह धमकी फर्जी पाई गई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली।
लखनऊ के गोमतीनगर स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (RPO) के अधिकारियों को एक ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें परिसर में गैस से भरे सायनाइड बम (Cyanide Bombs) होने का दावा किया गया था। धमकी देने वाले ने चेतावनी दी थी कि दोपहर 2 बजकर 10 मिनट पर विस्फोट होगा। सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता (BDS), डॉग स्क्वायड और स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचे। पूरे दफ्तर को खाली कराकर चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई, लेकिन कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
इसी तरह की धमकी सुल्तानपुर के प्रधान डाकघर को भी मिली। सुबह करीब 11 बजे पोस्टमास्टर को धमकी भरा ईमेल मिला। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई और सीओ सिटी सौरभ सामंत के नेतृत्व में भारी पुलिस बल और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा। पूरे डाकघर भवन को खाली कराकर करीब डेढ़ घंटे तक तलाशी अभियान चलाया गया। यहां भी कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली।
पुलिस और साइबर सेल अब दोनों मामलों की जांच कर रही है। प्राथमिक जांच में इसे किसी की शरारत या ‘हॉक्स कॉल’ माना जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या दोनों मेल एक ही स्रोत से भेजे गए थे। इस घटना के बाद लखनऊ और सुल्तानपुर के अन्य महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इससे पहले भी यूपी की कई अदालतों को इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं।
