Union Budget: कानपुर के उद्यमियों ने कहा- यह आत्मनिर्भर भारत की नींव मजबूत करेगा
कानपुर के व्यापारिक समुदाय ने केंद्रीय बजट को देश के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया है। मर्चेंट चेंबर हॉल में बजट पर चर्चा के दौरान उद्यमियों ने कहा कि भले ही कई योजनाओं का तात्कालिक असर न दिखे, लेकिन ये भारत को महाशक्ति बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभाएंगी। उनका मानना है कि यह बजट ‘आत्मनिर्भर भारत’ की नींव को मजबूत करने वाला है।
उद्यमियों ने विशेष रूप से मैन-मेड फाइबर और टेक्सटाइल सेक्टर के लिए की गई घोषणाओं को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और बांग्लादेश के साथ प्रतिस्पर्धा को देखते हुए ये योजनाएं बेहद प्रासंगिक हैं। चेंबर के फिस्कल कंट्रोल और आईटी कमेटी के चेयरमैन अनिल श्रीवास्तव ने कहा कि नेशनल फाइबर स्कीम से रेशे के लिए विदेशी निर्भरता कम होगी और कपड़ा उद्योग को नई दिशा मिलेगी।
प्रमोद मिश्रा ने पर्यटन को बढ़ावा देने की योजना को प्रभावी बताया, जिससे राजस्व सृजन होगा। स्पोर्ट्स गुड्स हब योजना से देश में ही खेल सामग्री का उत्पादन बढ़ेगा, जिससे लागत कम होगी।
उद्यमियों ने शेयर बाजार में गिरावट के लिए बजट को जिम्मेदार नहीं ठहराया, बल्कि इसे वैश्विक परिस्थितियों का परिणाम बताया। हालांकि, लेबर कोड से जुड़े एम्प्लॉयर-फ्रेंडली प्रावधानों पर अभी और स्पष्टता की मांग की गई है। उद्यमियों का कहना है कि विस्तृत प्रारूप सामने आने के बाद स्थिति साफ होगी।
