कोहरे का कहर: लखनऊ आने वाली VIP ट्रेनें घंटों लेट, Tejas Express समेत कई प्रभावित
लखनऊ में घने कोहरे के कारण रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। राजधानी लखनऊ आने वाली कई वीआईपी ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों की देरी से चल रही हैं। यात्रियों को स्टेशन पर लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
सबसे ज्यादा असर तेजस एक्सप्रेस पर पड़ा है। शनिवार रात दिल्ली से लखनऊ पहुंचने वाली यह ट्रेन 13 घंटे की देरी से रविवार सुबह 11 बजे लखनऊ जंक्शन पहुंची। इस देरी के कारण, इसे लखनऊ से दिल्ली के लिए भी 12 घंटे की देरी से शाम 6:05 बजे रवाना किया जा सका।
इस बीच, लखनऊ शताब्दी एक्सप्रेस (Lucknow Shatabdi Express) ने यात्रियों को थोड़ी राहत दी। यह ट्रेन मात्र 17 मिनट की देरी से पहुंची और दिल्ली के लिए भी निर्धारित समय से केवल 17 मिनट की देरी से रवाना हुई।
अन्य वीआईपी ट्रेनों में लखनऊ मेल 1.21 घंटे और एसी स्पेशल 1.43 घंटे की देरी से लखनऊ पहुंची। गोमती एक्सप्रेस भी 7 घंटे से अधिक की देरी से आई। लंबी दूरी की ट्रेनों में दरभंगा-नई दिल्ली एक्सप्रेस 6 घंटे से अधिक की देरी से चल रही है, जबकि गोरखनाथ एक्सप्रेस 7 घंटे 57 मिनट की देरी से पहुंची।
