कानपुर में पानी भरे गड्ढे में मिला युवती का शव, 15 दिन पुराना शव होने का अनुमान
कानपुर के कैंट थाना क्षेत्र में मैस्कर घाट के सामने जंगल के ढलान पर पानी से भरे एक गड्ढे में युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की तो पाया कि शव काफी पुराना है और बुरी तरह से गल चुका है। पुलिस के मुताबिक, शव करीब 15 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की उम्र लगभग 25 वर्ष है। शव के सिर पर बाल नहीं हैं और शरीर फूला हुआ है। युवती के हाथ पर एक टैटू भी बना हुआ है, लेकिन त्वचा गल जाने के कारण टैटू में लिखा नाम स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। पुलिस ने प्रथमदृष्टया आशंका जताई है कि युवती मानसिक रूप से विक्षिप्त थी। पास में ही सड़क से जंगल की ओर तेज ढलान है, जिससे यह संभावना है कि युवती फिसलकर गड्ढे में गिर गई होगी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि शव की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्टों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट हो पाएगा।
