Lucknow: धार्मिक झंडा हटाने के विवाद में युवक पर हमला, पुलिस ने बताई ‘नशे में मारपीट’
लखनऊ के माल इलाके के देवरीर भारत गांव में शनिवार को एक युवक पर हमला हुआ। पीड़ित सहजराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि अनीश और उसके साथियों ने लाठी-डंडों से उस पर हमला किया। सहजराम का आरोप है कि हमलावर उसके घर पर लगे धार्मिक झंडे को हटाने का दबाव बना रहे थे।
सहजराम के मुताबिक, उसके घर के सामने मस्जिद बनी हुई है। नमाज पढ़ने आने वाले अनीश और उसके साथी लगातार झंडा हटाने के लिए दबाव बनाते थे। शनिवार को जब वह घर लौट रहा था, तभी घात लगाए बैठे हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया।
हमले के दौरान सहजराम को लात-घूसों से पीटा गया और जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
हालांकि, माल थाना प्रभारी ने इस मामले में अलग बयान दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, सहजराम और अनीश दोनों ही शराब के नशे में थे। दोनों के बीच किसी बात को लेकर मारपीट हुई थी। पुलिस ने धार्मिक झंडा हटाने के दबाव के आरोपों को निराधार बताया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
