फुटबॉल विवाद में पथराव और फायरिंग, फतेहाबाद में 8 घायल; Agra crime news
आगरा जिले के फतेहाबाद के मूसेपुरा गांव में फुटबॉल खेलने को लेकर हुए विवाद ने गुरुवार रात हिंसक मोड़ ले लिया। दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, पथराव और फायरिंग की घटना हुई, जिसमें कुल आठ लोग घायल हो गए। इस घटना से गांव में तनाव का माहौल है और सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
घटना की शुरुआत बच्चों के बीच फुटबॉल को लेकर हुए झगड़े से हुई। इसके बाद गांव के पूर्व प्रधान नत्थीलाल पक्ष और नरेंद्र तोमर पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। शाम को हुई कहासुनी के बाद रात में दोनों पक्ष फिर भिड़ गए। मारपीट और पथराव के साथ ही गोली चलने की भी आवाजें आईं, जिससे ग्रामीण दहशत में आ गए।
घायलों में नरेंद्र पक्ष से यतेंद्र सिंह, चित्र सिंह, योगेंद्र सिंह, नरेंद्र और नत्थू सिंह पक्ष से उमाशंकर, सोनू, सुनीता और रामहरी शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।
हालांकि, एसीपी शमसाबाद अमीषा ने फायरिंग की पुष्टि नहीं की है। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के लोग मारपीट और पथराव में घायल हुए हैं। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। इस घटना के कारण गांव में भय का माहौल है, क्योंकि सर्दी के कारण लोग घरों में थे और अचानक हुई इस हिंसा से वे सहम गए।
