जनगणना 2027: स्मार्ट फोन, अनाज के प्रकार से जुड़े 6 नए सवाल, डिजिटल होगी प्रक्रिया
जनगणना 2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके लिए एक जनगणना सेल का गठन किया गया है और जिला अधिकारी (डीएम) की निगरानी में एक समिति भी बनाई गई है। यह प्रक्रिया डिजिटल तरीके से दो चरणों में पूरी की जाएगी, जिसके लिए एक विशेष मोबाइल ऐप तैयार किया गया है।
इस बार की जनगणना में 16 साल बाद कई बदलाव देखने को मिलेंगे। लोगों से छह नए सवाल पूछे जाएंगे, जिनमें वे किस प्रकार का अनाज खाते हैं, घर में कितने इंटरनेट कनेक्शन और स्मार्ट फोन हैं, उनके स्वामित्व किसके पास है, पीने के पानी का स्रोत क्या है, गैस कनेक्शन की उपलब्धता और वाहनों की जानकारी शामिल है।
डिजिटल जनगणना के तहत प्रत्येक व्यक्ति को एक यूनिक आईडी नंबर प्रदान किया जाएगा, जिससे डेटा संग्रह की गोपनीयता और सटीकता सुनिश्चित होगी। पहली बार जिले में जातिगत जनगणना भी कराई जाएगी, जिससे प्रशासन को जातियों से संबंधित सटीक आंकड़े उपलब्ध हो सकेंगे।
जनगणना निदेशालय के आदेशानुसार, डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी की निगरानी में गठित समिति में जिला जनगणना अधिकारी शुभांगी शुक्ला संयोजक के तौर पर शामिल हैं। इस समिति में सीडीओ प्रतिभा सिंह, डीपीआरओ, बीएसए सहित आठ सदस्य हैं। जल्द ही समिति की पहली बैठक आयोजित की जाएगी।
