डिप्टी सीएम के कार्यक्रम में बिजली कटी, जनरेटर में डीजल नहीं: आगरा में अव्यवस्था पर केशव नाराज
आगरा के फतेहाबाद में शुक्रवार को जीरामजी चौपाल के दौरान एक अप्रिय घटना घटी, जब उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के कार्यक्रम में अचानक बिजली चली गई। इस अव्यवस्था के कारण उपमुख्यमंत्री का भाषण लगभग 15 मिनट तक बाधित रहा। स्थिति तब और बिगड़ गई जब जनरेटर को चालू करने का प्रयास किया गया, लेकिन उसमें डीजल नहीं था।
इस पूरी अव्यवस्था से उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य काफी नाराज हुए। उन्होंने मंच से ही संबंधित अधिकारियों को इस लापरवाही के लिए कड़ी हिदायत दी और कहा कि ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद उन्होंने अपने संबोधन में जीरामजी एक्ट की खूबियों पर प्रकाश डाला और कहा कि यह भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाएगा।
मतदाताओं के नाम कटने संबंधी एक सवाल के जवाब में उन्होंने स्पष्ट किया कि नाम काटे नहीं गए हैं, बल्कि उन्हें जोड़ने के लिए एक महीने का समय दिया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि उनका नाम मतदाता सूची से कटा है, तो वे फार्म-6 भरकर अपना नाम पुनः जुड़वा सकते हैं।
