सर्द हवाओं में बेजान हो रही त्वचा? मेकअप एक्सपर्ट्स की है ये राय, चेहरा करेगा ग्लो और बाल दिखेंगे आकर्षक
सर्दियों में ठिठुरन बढ़ने के साथ ही चेहरे की रंगत और बालों का स्टाइल बिगड़ना आम बात है। रूखी त्वचा, फटे होंठ और बेजान बाल हर महिला की सबसे बड़ी चिंता बन जाते हैं। ऐसे में चेहरे पर नमी बनाए रखना और बालों की सही देखभाल करना बेहद जरूरी है।
फैशन आर्टिस्ट स्वाति बताती हैं कि सर्दियों में अधिक फाउंडेशन से बचना चाहिए। इस मौसम में हाइड्रेटिंग टिंटेड मॉइस्चराइजर या ड्यूई फिनिश वाली बीबी/सीसी क्रीम ही सही रहती है। इससे न सिर्फ स्किन को नमी मिलती है बल्कि ठंडी हवा में भी चेहरा ताजा और चमकदार दिखता है। ब्लशर के लिए पीच, रोज़ पिंक या हल्का ब्राउन शेड चुन सकते हैं, जो गालों पर नेचुरल ब्लश लाते हैं।
आंखों को भारी करने की जरूरत नहीं है। सिर्फ भूरा या माव शेडो, ढेर सारा मस्कारा और ब्राउन/कापर लाइनर उचित रहेगा। होंठ फटने से बचाने के लिए पहले लिप बाम की मोटी लेयर लगाएं, फिर उसके ऊपर क्रीमी लिपस्टिक। सर्दी में बरगंडी, ब्रिक रेड, प्लम और डीप माव रंग सबसे ज़्यादा ट्रेंड में हैं।
वहीं, मेकअप आर्टिस्ट सुगंधा कात्याल कहती हैं कि सर्दी में जूड़े का जलवा अलग ही है। ठंड में बाल रूखे हो जाते हैं, इसलिए हर बार शैंपू से पहले नारियल या बादाम तेल से अच्छी मालिश जरूरी है। फिर चाहे सुबह कॉलेज जाना हो या दोस्तों के साथ घूमना, बालों का स्टाइल न बिगड़े इसके लिए जूड़ा बनाकर केयर कर सकते हैं, जिससे बाल बिखरे नजर नहीं आएंगे।
