साइना नेहवाल ने आगरा में मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट का किया शुभारंभ, 2000+ खिलाड़ी लेंगे भाग
शहर में पहली बार आयोजित विजय शर्मा मेमोरियल अखिल भारतीय मास्टर्स बैडमिंटन रैंकिंग टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ रविवार को प्रसिद्ध बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने किया। यह टूर्नामेंट 35 से 80 वर्ष की आयु वर्ग के 2000 से अधिक वरिष्ठ खिलाड़ियों को एक मंच प्रदान करता है। प्रतिभागी सिंगल्स, डबल्स और मिक्स्ड डबल्स श्रेणियों में अपना दमखम दिखा रहे हैं।
इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की निगरानी के लिए बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के 75 अधिकारी मौजूद हैं। खेल प्रखर अग्रवाल, श्रवण और चाहर बैडमिंटन अकादमी में कुल 13 कोर्ट पर मैच खेले जा रहे हैं। साइना नेहवाल ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया और महत्वपूर्ण टिप्स भी दिए। खेल निदेशक आरपी सिंह और जिला संघ की अध्यक्ष डॉक्टर बीना लवानिया भी इस अवसर पर उपस्थित रहीं। इसे आगरा के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया जा रहा है।
