आगरा में बड़ा हादसा, चंबल नहर में गिरी कार; एक युवक की मौत, 3 घायल
आगरा के जैतपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कमतरी गांव स्थित रेलवे ओवर ब्रिज के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई और चंबल डाल नहर में जा गिरी। कार में सवार चार दोस्त बटेश्वर जा रहे थे। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
हादसे का शिकार हुए सभी लोग आगरा के ताजगंज स्थित बसई खुर्द के रहने वाले थे। सचिन (25) पुत्र महेंद्र सिंह अपने भाई नीरज और दोस्तों नरेश व टीपू के साथ बटेश्वर के लिए निकले थे। देर रात हुए इस हादसे की सूचना मिलते ही जैतपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कार की खिड़की तोड़कर फंसे हुए चारों लोगों को बाहर निकाला।
घायलों को तत्काल एंबुलेंस से बाह सीएचसी ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने सचिन को मृत घोषित कर दिया। टीपू की गंभीर हालत को देखते हुए उसे एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
