आगरा में ‘स्वच्छता अभियान’ को मिला युवाओं का साथ, दीवारों पर बनाईं जन-जागरूकता पेंटिंग
आगरा नगर निगम ने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए एक अनूठी पहल की है, जिसमें डॉ. भीमराव आंबेडकर कॉलेज के विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कॉलेज के कला निकेतन विभाग के छात्रों ने नगर निगम के सहयोग से शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों की दीवारों पर वॉल पेंटिंग कार्यक्रम आयोजित किया। इस पहल में संस्कृति यूथ फाउंडेशन का भी सहयोग रहा।
कार्यक्रम में 50 से अधिक छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। इन विद्यार्थियों ने अपनी कला के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता और सकारात्मक जीवन मूल्यों से जुड़े संदेश दिए। इन चित्रों का उद्देश्य आम नागरिकों को इन महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना था।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से शहर की दीवारें केवल सजावट का हिस्सा नहीं रहतीं, बल्कि जन-जागरूकता का माध्यम बन जाती हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी से स्वच्छता और सौंदर्यीकरण अभियानों को नई ऊर्जा मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी विद्यार्थियों के कार्यों की प्रशंसा की। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में अपना सहयोग जारी रखें।
