कानपुर नगर निगम में ऑपरेशन क्लीन: 11 स्विचमैन निलंबित, तीन अधिकारियों का तबादला
कानपुर नगर निगम में ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत बड़ी कार्रवाई हुई है। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने पथ प्रकाश विभाग के 11 स्विचमैन को निलंबित कर दिया है। इन पर आरोप है कि स्ट्रीट लाइटें खराब या बंद होने के बावजूद उन्होंने मोबाइल पर शिकायतों का निस्तारण दिखा दिया था। इस लापरवाही के कारण शहरवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
निलंबित किए गए स्विचमैन विभिन्न जोनों से हैं, जिनमें जोन एक से मो. आसिफ, जोन दो से शिवनंदन, जोन तीन से अशोक कुमार, जोन चार से कलाम, शफी मोहम्मद व टीनू कश्यप, और जोन छह से घनश्याम कुमार, रोहिताश दीक्षित, अनिल कुमार, व रमेश चंद्र शामिल हैं। इन पर अनुशासनहीनता और झूठा निस्तारण दर्शाने का आरोप है। कई बार चेतावनी के बावजूद सुधार न होने पर यह सख्त कदम उठाया गया है। अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार को इस मामले में जांच अधिकारी बनाया गया है।
इसके साथ ही, नगर निगम के तीन अधिकारियों पर भी गाज गिरी है। जोन दो के अवर अभियंता दिनेश प्रसाद का तबादला जोन छह में कर दिया गया है। उन पर कुछ माफिया ठेकेदारों से संबंध होने के भी आरोप थे। नगर आयुक्त के कार्यालय से संबद्ध स्टेनो संजय प्रसाद कटियार का तबादला भी जोन छह में किया गया है। वहीं, रबिश प्रभारी रफजुल रहमान को जोन दो के जोनल कार्यालय अधिकारी कार्यालय में भेजा गया है। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
