कानपुर के चर्चों में New Year का स्वागत, विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित
कानपुर में नववर्ष 2024 का स्वागत ईसाई समुदाय ने अपने पारंपरिक तरीके से किया। शहर के विभिन्न चर्चों में आधी रात को विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित की गईं, जहां लोगों ने प्रभु यीशु का धन्यवाद किया और आने वाले साल के लिए सुख-समृद्धि की कामना की। सेंट थॉमस चर्च, किदवई नगर में आयोजित प्रार्थना सभा में कलीसिया ने बीते वर्ष के लिए आभार व्यक्त किया।
इस दौरान प्रार्थना गीत और कैरोल गायन का आयोजन हुआ। नववर्ष के आगमन पर केक भी काटा गया। फादर थॉमस कुमार ने प्रार्थना करते हुए कहा कि इस नए वर्ष में सभी पर प्रभु की शांति और कृपा बनी रहे। उन्होंने दुखी परिवारों को सांत्वना देने और हर परिस्थिति में मार्गदर्शन करने की कामना की। फादर राजेश साइमन ने इसे प्रभु यीशु के प्रति धन्यवाद, पश्चाताप और नए साल के लिए आशा व विश्वास के साथ आगे बढ़ने का आध्यात्मिक अवसर बताया।
मसीह समाज के लोगों ने इस दौरान परमेश्वर का धन्यवाद किया और नए साल में शांति, सुख और अच्छी सेहत के लिए प्रार्थना की। शहर के अन्य प्रमुख चर्चों जैसे सेंट फ्रांसिस जेवियर्स चर्च, सीएनआई ग्वालटोली, क्राइस्ट चर्च, एबीसी चर्च, दि गुड शेफर्ड चर्च और न्यू लाइफ चर्च में भी नववर्ष के लिए विशेष प्रार्थनाएं हुईं।
