Kanpur New Year celebration: चर्चों में विशेष प्रार्थना सभा, केक काटकर किया स्वागत
कानपुर के विभिन्न चर्चों में नववर्ष 2024 का स्वागत उत्साह और भक्ति के साथ किया गया। सेंट थॉमस चर्च, किदवई नगर में आधी रात को विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई। इस दौरान कलीसिया ने बीते साल के लिए प्रभु यीशु का धन्यवाद किया और आने वाले साल में सुख-समृद्धि व खुशियों की कामना की। प्रार्थना सभा के बाद कैरोल गायन हुआ और केक काटकर नए साल का जश्न मनाया गया।
शहर के कई अन्य चर्चों में भी आधी रात को नए साल का स्वागत केक काटकर और कहीं-कहीं आतिशबाजी के साथ किया गया। फादर थॉमस कुमार ने प्रार्थना में कहा कि प्रभु यीशु इस नए वर्ष में अपनी शांति और कृपा बनाए रखें, हर दुखी परिवार को सांत्वना दें और हर परिस्थिति में साथ रहें। फादर राजेश साइमन ने इसे प्रभु यीशु के प्रति धन्यवाद, पश्चाताप और नए साल के लिए आशा व विश्वास के साथ आगे बढ़ने का आध्यात्मिक अवसर बताया।
मसीह समाज के लोग इस दौरान परमेश्वर का धन्यवाद करते हैं और नए साल में शांति, सुख और अच्छी सेहत के लिए प्रार्थना करते हैं। सेंट फ्रांसिस जेवियर्स चर्च, सीएनआई ग्वालटोली, क्राइस्ट चर्च, एबीसी चर्च, दि गुड शेफर्ड चर्च, न्यू लाइफ चर्च और चर्च ऑफ गॉड सहित अनेक चर्चों में नववर्ष के लिए विशेष प्रार्थनाएं हुईं।
