कानपुर: Babita Yadav की शानदार पारी से KCA-B ने KCA-A को 6 विकेट से हराया
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (केसीए) द्वारा आयोजित एक रोमांचक मुकाबले में केसीए-बी टीम ने केसीए-ए को छह विकेट से पराजित कर दिया। किदवई नगर स्थित कानपुर साउथ मैदान पर बुधवार को खेले गए इस मैच में बबीता यादव ने अपनी टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया। उनकी 76 रनों की निर्णायक पारी की बदौलत केसीए-बी ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। बबीता यादव को उनकी बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केसीए-ए की टीम 28.4 ओवर में 134 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। नेहा वर्मा ने टीम के लिए सर्वाधिक 36 रन बनाए, जबकि तृप्ति सिंह ने 30 रनों का योगदान दिया। केसीए-बी की ओर से गेंदबाजी करते हुए सिद्धी सिंह और सौम्या कटियार ने तीन-तीन विकेट लिए, वहीं सोनिका ने दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
135 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए केसीए-बी की टीम ने 27.5 ओवर में चार विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। बबीता यादव ने 76 रनों की शानदार पारी खेली। उन्हें माही राजपूत (23 रन) और वर्षा शर्मा (18 रन) का अच्छा साथ मिला। केसीए-ए की ओर से एकता सिंह और सिद्धी मिश्रा ने एक-एक विकेट लिया।
